सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने शिमला के रिज मैदान पर कांग्रेस द्वारा मनरेगा को लेकर किए गए धरने को भ्रामक प्रचार करार देते हुए कहा कि कांग्रेस तथ्यों को तोड़–मरोड़ कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा को समाप्त करने का दावा पूरी तरह गलत है, बल्कि केंद्र सरकार ने ग्रामीण रोजगार को और सशक्त बनाने के लिए “विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)” के रूप में एक नई और व्यापक व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए बड़े स्तर पर बजट का प्रावधान किया गया है, जिससे गांवों में रोजगार के साथ-साथ विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/atal-smriti-conferenshahpur-vipin-singhparmar-recallsthoughts/
हर्ष महाजन ने कहा कि नई योजना से पंचायतों को सीधे लाभ होगा और गांवों में बुनियादी ढांचे, जल संरक्षण, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी प्रशासनिक विफलताओं और वित्तीय अव्यवस्था से जनता का ध्यान हटाने के लिए केंद्र सरकार पर झूठे आरोप लगा रही है। महाजन ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य “विकसित भारत के लिए विकसित गांव” है और यह नई पहल उसी दिशा में एक मजबूत कदम है, जबकि कांग्रेस का धरना केवल राजनीतिक हताशा और भ्रम फैलाने की कोशिश है।





















