सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा और नवांशहर जिले के वरिष्ठ नेताओं की टीम ने बंगा स्थित श्री नाभ कंवल राजा साहिब के पवित्र स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की और यहां के प्रबंधक कमेटी पदाधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें पार्टी का पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। इस दौरान डॉ. सुभाष शर्मा ने कहा कि यह स्थान पंजाब में आस्था का एक विशाल केंद्र है और देश-विदेश में बैठी संगत भी इससे जुड़ी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा माघी मेले की आप पार्टी रैली में इस पवित्र स्थल के बारे में दिए गए कथित बयान को “बेबुनियाद” और “अति निंदनीय” करार देते हुए तीखी आलोचना की। डॉ. शर्मा ने कहा कि कमेटी के सदस्यों ने विशेष जांच दल को सभी तथ्य प्रस्तुत किए थे और अधिकारियों ने भी संतोष व्यक्त किया है, फिर भी सरकार की ओर से आरोप और कार्रवाई जारी रखना गलत है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपने बयान पर सार्वजनिक माफी मांगने और यदि कोई FIR दर्ज की गई है तो उसे तुरंत वापस लेने की मांग की।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/g-plan-ofcrore-for-horticultureets-green-light/
डॉ. सुभाष शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि मान सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में असफल रही है, इसलिए ध्यान भटकाने के लिए इस प्रकार के विवादित बयान दिए जा रहे हैं। इस अवसर पर नवांशहर भाजपा के जिला अध्यक्ष राजविंदर लकी, बंगा के पूर्व विधायक मोहन लाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि श्री नाभ कंवल राजा साहिब के पवित्र स्थल पर पूर्ण मर्यादा के साथ अखंड पाठ और कीर्तन होते रहते हैं, इसलिए किसी भी तरह की विवादित बयानबाजी से समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचती है। भाजपा नेताओं ने कमेटी को भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके साथ खड़ी है और आवश्यकतानुसार हर स्तर पर समर्थन प्रदान करेगी।




















