धर्मशाला : कांग्रेस सरकार ने एक साल को चैलेंज के रूप में लिया है। सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर मनाए जा रहे जश्न में जनता से संवाद किया जाएगा। यह बात सरकार के एक वर्ष कार्यकाल पर धर्मशाला में मनाए जा रहे जश्न के कन्वीनर एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने केंद्रीय विश्वविद्यालय भवन निर्माण के मसले पर कहा कि जैसे कि नाम से ही स्पष्ट है केंद्रीय विश्वविद्यालय केंद्र का है। हिमाचल से संबंधित केंद्रीय मंत्री ही इस मामले में कुछ नहीं कर पाए हैं।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि हमारा एक साल का कार्यकाल चुनौतिपूण रहा है। हमें हिमाचल को अपने पैरों पर खड़ा करना है। बेहतर इंतजाम कार्यक्रम के लिए हों, इसके लिए बैठकें की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि हम एक साल के कार्यकाल को बीजेपी की तरह जश्न जैसे नहीं, बल्कि साधारण तरीके से मनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को सिर्फ आरोप लगाने आते हैं, जो काम प्रदेश में सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार ने किए हैं, वो भाजपा को नजर नहीं आते, शायद भाजपा नेताओं ने काले चश्मे पहन रखे हैं या फिर कान बंद किए हैं।
कहा कि सुक्खू सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि ओपीएस रही है। बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए हर विभाग में पोस्टें निकाली जा रही हैं। सुक्खू सरकार ने आपदा में भी ऐतिहासिक फैसले लेने का रिकार्ड बनाया है। कोरोना वॉरियर्स के मामले पर जगत सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा ने उन्हें 90 दिन के लिए रखा था, जबकि कांग्रेस उन्हें कार्य विस्तार देती रही। नेगी ने आरोप लगाया कि कोरोना वॉरियर्स से कांग्रेस ने नहीं, बल्कि भाजपा ने धोखा किया है।