सिधिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को जिला कांगड़ा के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इंदौरा उत्सव के समापन समारोह की अध्यक्षता की। ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को समाप्त कर नया कानून लाने के प्रस्ताव की कड़े शब्दों में आलोचना की। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी विश्व की सबसे बड़ी रोजगार योजना को खत्म करना गरीब और ग्रामीण वर्ग के साथ सीधा अन्याय है, जिसने कोरोना काल जैसे संकट के समय में भी लाखों परिवारों को सहारा दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार इस फैसले का हर स्तर पर विरोध करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और राज्य चयन आयोग के माध्यम से शीघ्र ही हजारों पदों पर भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर बल देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक किसान परिवार की आय कम से कम 20 हजार रुपये प्रतिमाह सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक खेती से उगाई गई फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य देने वाला देश का पहला राज्य है।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/mla-ashisholds-public-hearingohndirects-quick-resolution-ssues/
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में आधुनिक तकनीक को प्राथमिकता दी जा रही है। एमआरआई, सीटी स्कैन और एक्स-रे मशीनों की स्थापना के लिए 3000 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, वहीं रोबोटिक सर्जरी और तीन टेस्ला एमआरआई मशीनों की शुरुआत से स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने हिम केयर योजना के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की भी जानकारी दी। नशे के खिलाफ सरकार की कार्रवाई पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान’ अब जन आंदोलन बन चुका है। अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है और अगले छह महीनों में चिट्टा तस्करों की संपत्ति को पूरी तरह नष्ट किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से नशे से जुड़ी जानकारी आपातकालीन नंबर 112 पर साझा करने की अपील करते हुए सूचना देने वालों को 10 हजार से 10 लाख रुपये तक इनाम देने की घोषणा की। कार्यक्रम में विधायक मलेंद्र राजन ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि इंदौरा उत्सव युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रखने का सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




















