सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को ऊना जिले के अंब उपमंडल में 16.26 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया और उन्हें जनता के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सड़कों और पुलों का निर्माण सिर्फ संरचनात्मक काम नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित होती है। मुख्यमंत्री ने टकारला-बड़ूही वाया नई आबादी सड़कों के स्तरोन्नयन का उद्घाटन किया, जिसका कुल खर्च 6.57 करोड़ रुपये रहा। लगभग 5 किलोमीटर लंबी इस सड़क से क्षेत्र की 11 हजार से अधिक आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने 9.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 6.50 किलोमीटर लंबी अंब-गगरेट-अठवां से हरिजन बस्ती सड़क एवं पुल परियोजना का भी लोकार्पण किया। इस परियोजना के पूरा होने से श्री चिंतपूर्णी और गगरेट विधानसभा क्षेत्रों में संपर्क सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/health-camp-organised-at-school-education-board/
साथ ही मुख्यमंत्री ने टकारला में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से बने सामर्थ्य ज्ञानदीप पुस्तकालय एवं व्यायामशाला, मैड़ी खास का पट्टिका का अनावरण कर उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र युवाओं के शैक्षणिक, बौद्धिक और शारीरिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अंब स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। इस मौके पर स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की और क्षेत्र में विकास की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण बताया।





















