सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के पुलिस कॉलेज डरोह में आयोजित ‘रोजगार संकल्प मेला’ के दौरान 1253 नवनियुक्त कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि इस बार पुलिस भर्ती पूरी पारदर्शिता के साथ हुई है और भर्ती प्रक्रिया हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) के माध्यम से करवाई गई, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने पिछली भाजपा सरकार के दौरान पुलिस भर्ती में पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने युवाओं के हित में भर्ती प्रक्रिया को मजबूत और निष्पक्ष बनाया है। सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने यह भी घोषणा की कि आने वाले दो महीनों में राज्य में 800 और पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती की जाएगी, जिससे हिमाचल प्रदेश पुलिस की क्षमता और कानून-व्यवस्था व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने नवनियुक्त कांस्टेबलों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल नौकरी नहीं बल्कि जिम्मेदारी और सेवा की भावना को अपनाएं।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल पुलिस को देश की सबसे आधुनिक, तेज और भरोसेमंद पुलिस बल बताते हुए कहा कि आपातकालीन सेवा (ERSS-112) में प्रदेश की प्रतिक्रिया समय राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान पर है और सीसीटीएनएस व आईटीएसएसओ जैसे सिस्टम में भी हिमाचल पुलिस शीर्ष रैंकिंग बनाए हुए है। उन्होंने पुलिस वर्दी की गुणवत्ता सुधारने और यूनिफॉर्म ग्रांट बढ़ाने पर सरकार की प्रतिबद्धता जताई तथा पूर्व सैनिकों को सम्मानित पदों पर पदोन्नति देने की व्यवस्था की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ जारी अभियान का भी जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 2149 मामले दर्ज किए गए, और चिट्टा माफिया के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस मौके पर पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न बचाव तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जबकि पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





















