धर्मशाला : जिला कांगड़ा के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में प्रशासन द्वारा आयोजित इंदौरा उत्सव-2025 कल पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस विशेष अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सूक्खु बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर उत्सव की शोभा बढ़ाएंगे।
उत्सव का शुभारंभ सुबह 10 बजे स्थानीय कलाकारों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगा, जो क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति को मंच पर जीवंत करेंगी। इसके उपरांत दोपहर 12 बजे हार्मनी ऑफ द पाइंस (हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड) द्वारा मनमोहक गायन प्रस्तुति दी जाएगी।
दोपहर करीब 2 बजे मुख्यमंत्री द्वारा चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत आयोजित वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जो नशामुक्त समाज के संदेश को मजबूती देगा। इसके पश्चात स्थानीय विधायक द्वारा मुख्यमंत्री का औपचारिक स्वागत किया जाएगा।
दोपहर 2:30 बजे पंजाब के प्रसिद्ध गायक लखविंदर बडाली अपनी गायन प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। वहीं शाम 4:30 बजे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पारितोषिक वितरित किए जाएंगे।
शाम 4:35 बजे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु जनता को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी व विकासात्मक योजनाओं के साथ-साथ सरकार की उपलब्धियों को साझा करेंगे।
शाम 5 बजे मुख्यमंत्री द्वारा इंदौरा उत्सव-2025 का विधिवत समापन किया जाएगा।
इंदौरा उत्सव-2025 न केवल सांस्कृतिक उत्सव होगा, बल्कि विकास, जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता का भी सशक्त मंच बनेगा।




















