हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा बाढ़ की वजह से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ सरकार की सहानुभूति है। मुख्यमंत्री ने करनाल में 6 मृतकों के परिजनों को 24 लाख की सहायता राशि सौंपी। उन्होंने पीडि़त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को प्राकृतिक आपदा बाढ़ की वजह से जान गंवाने वाले 6 मृतकों के परिजनों को 24 लाख की सहायता राशि सौंपी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज प्रदेश के 8 जिलों में 35 लोगों के परिजनों को सहायता राशि सौंपी गई है। सभी के खाते में आरटीजीएस से पैसे पहुंच जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार पहचान पत्र की वजह से आज हर व्यक्ति का डाटा है। कोई भी मुआवजा राशि देने के लिए बस उस व्यक्ति को वेरिफाई करना होता है। वेरिफाई होते ही मुआवजा राशि दे दी जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान व अन्य कोई नुकसान के लिए हरियाणा सरकार ने क्षतिपूर्ति पोर्टल खोल दिया है। इस पोर्टल पर 7 दिन में वेरिफाई किया जाएगा और इसके बाद मुआवजा दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं सिरसा व फतेहाबाद गया था। फतेहाबाद में पानी अभी भी गांवों में भरा हुआ है जबकि सिरसा में काफी कंट्रोल हुआ है। राजस्थान की तरफ जो पानी जाना है, उसमें अभी सुधार की आवश्यकता है। पहाड़ों में बारिश हुई है। इससे यमुना व घग्गर का जलस्तर बढ़ा है। अभी स्थिति नियंत्रण में है।