सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। शिमला में आयोजित वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में चिट्टा के खिलाफ अभियान को और सख्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 21 और 22 जनवरी, 2026 को प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष एंटी चिट्टा ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें चिट्टा से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा, प्रभावित युवाओं के पुनर्वास और रोकथाम की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इन ग्राम सभाओं में विभिन्न विभागों के अधिकारी पर्यवेक्षक के रूप में तैनात रहेंगे और पंचायत स्तर पर चिट्टा से संबंधित स्थिति की विस्तृत मैपिंग की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश भर में प्रीमियर लीग की तर्ज पर एंटी चिट्टा अवेयरनेस स्पोर्ट्स टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कबड्डी, क्रिकेट और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर करवाई जाएंगी। विजेता टीमों को मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/ukhu-to-engage-farmers-in-hamirpur-to-promote-natural-farming/
उन्होंने स्पष्ट किया कि चिट्टा तस्करी और आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने के लिए बहुआयामी रणनीति अपनाई जा रही है तथा चिट्टा गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें ध्वस्त किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए स्कूल पाठ्यक्रम में एक विशेष अध्याय शामिल किया जाए। उन्होंने पंचायत स्तर पर गठित नशा निवारण समितियों में ग्राम पंचायत प्रधानों, पंचायत समिति सदस्यों, महिला मंडलों और एफपीओ को सक्रिय रूप से शामिल करने के निर्देश भी दिए। बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह सहित राज्य के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





















