सिद्धविनायक टाइम्स शिमला। उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज जम्मू में जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने हिमाचल प्रदेश विधानसभा में लागू की गई पेपरलेस ई-विधान प्रणाली की कार्यप्रणाली और इसके लाभों की जानकारी साझा की। केवल सिंह पठानिया ने बताया कि ई-विधान के माध्यम से विधानसभा की कार्यवाही पूरी तरह डिजिटल रूप से संचालित की जाती है, जिससे प्रश्नकाल, विधेयक, संशोधन, कार्यसूची और अन्य संसदीय दस्तावेज सदस्यों को टैबलेट या अन्य डिजिटल माध्यमों से उपलब्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ पारदर्शिता और कार्यकुशलता को भी बढ़ावा देती है तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने ई-विधान प्रणाली में गहरी रुचि व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की और भविष्य में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का दौरा कर इसके तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं का अध्ययन करने की इच्छा जताई। बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच विधायी कार्यों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई।





















