सिधिविनायक टाइम्स:शिमला। हिमाचल प्रदेश के बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मनाली–लेह सामरिक मार्ग पर चार नए पुलों का निर्माण पूरा किया है। भाजपा सांसद कंगना रनौत ने इन परियोजनाओं के वर्चुअल उद्घाटन के अवसर पर कहा कि केंद्र ने हमेशा हिमाचल की भौगोलिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के विकास में योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि सीमा सड़क संगठन (BRO) के प्रोजेक्ट दीपक द्वारा विकसित इन पुलों में 70 मीटर लंबा शोगटोंग ब्रिज, जिंगजिंगबर में दो मल्टी-सेल बॉक्स ब्रिज और कीलिंग सराय में 60 मीटर लंबा यूनम ब्रिज शामिल हैं। कंगना रनौत ने कहा कि इन पुलों के निर्माण से सेना के भारी वाहनों और पर्यटकों की आवाजाही पहले से अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगी। प्रत्येक पुल अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है ताकि हर मौसम में निर्बाध यात्रा संभव हो सके।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/jairam-thakur-raisespensioners-negletake-strict-action-against-mamining/
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लेह से देशभर की 125 परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिनमें यह चार पुल भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नए पुलों से मनाली–लेह मार्ग पर वर्षों से बनी आवलांच जोन और उफनते नालों जैसी समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी। सांसद कंगना रनौत ने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल सामरिक दृष्टि से देश की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि हिमाचल में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए निरंतर सहयोग देने हेतु धन्यवाद जताया और कहा कि केंद्र सरकार के मजबूत नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।




















