Dharamshala : लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही भाजपा ने फिर से लोगों को गुमराह करने का चक्रव्यूह रचना शुरू कर दिया है। लोगों के प्रति झूठी सहानुभूति दिखाने के लिए शिमला में भाजपा ने भीड़ इक्टठी करने का असफल प्रयास किया, क्योंकि लोग भाजपा की असलियत जान चुके हैं। यह बात कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं मीडिया प्रभारी पुनीत मल्ली ने कही। उन्होंने कहा कि डबल इंजन का नाम देकर भाजपा ने जमकर लोगों का शोषण किया। इसलिए लोगों ने विधानसभा चुनावों में भाजपा को सबक सिखा दिया। जब लोकसभा चुनाव नजदीक आए तो फिर से लोगों को गुमराह करने का षड्यंत्र शुरू कर दिया । पुनीत मल्ली ने कहा कि प्रदेश को कर्र्जे तले डुबाने वाली भाजपा को यहां की भोलीभाली जनता से माफी मांगनी चााहिए। कांगे्रस नेता ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जयराम ठाकुर लोगों को गुमराह करने के लिए बोल रहे हैं कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है, तो मैं उनको याद दिला दूं कि भाजपा के कार्यकाल में सरकारी नौकरियां बेची गई। प्रतियोगिता परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, उसे कहते हैं कानून व्यवस्था चरमराना। इसलिए भाजपा नेताओं को कुछ भी बोलने से पहले अपने गिरेबान में झांक लेना चाहिए था। युवाओं को नौकरियां बेचने वाले आज साध बनने का ढोंग कर रहे हैं।
पुनीत मल्ली ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून सीजन के दौरान जमकर तबाही हुई। लोगों के घर-जमीन और जानें चली गई, लेकिन केंद्र सरकार ने इतनी बड़ी त्रासदी को सिर्फ इसलिए नजर अंदाज कर दिया कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार है। उन्होंने भाजपा नेताओं से पूछा कि अगर आप हिमाचली हिमायती है तो इस त्रासदी को राष्ट्रीय आपदा क्यों नहीं करवा पाए।