सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने वीरवार को रोड सेक्टर स्थित एक प्राइमरी स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण कर बच्चों को मिलने वाली मिड डे मील की गुणवत्ता और स्वच्छता की स्थिति का विस्तृत आकलन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं मिड डे मील का स्वाद चखा और इसकी गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भोजन पूरी तरह से पोषणयुक्त, साफ-सुथरा और समय पर बच्चों तक पहुंचाया जाए, क्योंकि बच्चों का स्वास्थ्य एवं पोषण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रों से भी बातचीत की और स्कूल में पढ़ाई, सुविधाओं व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। साथ ही उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों की जिज्ञासा और सीखने की रुचि को बढ़ावा देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/agriculture-minister-stresses-on-quality-and-timeline-for-dairy-processiangra/
इसके बाद उपायुक्त राहुल कुमार ने डियारा सेक्टर स्थित नगर परिषद कार्यालय का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था और कूड़ा प्रबंधन प्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कूड़े के अलग-अलग वर्गीकरण, संग्रहण और वैज्ञानिक निपटान की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और इसके लिए जनसहभागिता व जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि वेस्ट सेग्रीगेशन और सही कूड़ा निपटान से न केवल पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, बल्कि जनस्वास्थ्य भी बेहतर होगा। इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने उपायुक्त को व्यवस्था सुधारने हेतु आवश्यक योजनाओं की जानकारी दी।





















