पूर्व उद्योग मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता बिक्रम ठाकुर ने आयुष्मान भारत दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) को देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक ऐतिहासिक क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि 2018 में शुरू हुई इस योजना ने गरीबों को ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित कर उन्हें इलाज के खर्च और कर्ज के बोझ से मुक्ति दिलाई है। हालांकि, उन्होंने हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य सरकार की उदासीनता के कारण प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि अस्पतालों का बकाया भुगतान न होने की वजह से गरीब मरीजों को इलाज मिलने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जो कि अत्यंत चिंताजनक है।


















