सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने कहा है कि जगत प्रकाश नड्डा का भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में दो कार्यकाल संगठनात्मक मजबूती, चुनावी उपलब्धियों और सेवा आधारित राजनीति के लिए एक मिसाल बन गया है। उन्होंने कहा कि नड्डा के नेतृत्व में भाजपा ने न केवल अपने परंपरागत जनाधार को और सशक्त किया, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में विस्तार करते हुए ऐतिहासिक चुनावी सफलताएं दर्ज कीं। लगभग तीन दर्जन विधानसभा चुनावों में उल्लेखनीय जीत, गुजरात जैसे राज्य में रिकॉर्ड बहुमत और कई राज्यों में दोबारा सरकार गठन ने उनके निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व को स्पष्ट किया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/police-crackdown-on-drug-traffickin-kg-of-charas-seized/
कर्ण नंदा ने बताया कि संगठनात्मक स्तर पर बूथ सशक्तिकरण और सदस्यता अभियानों से पार्टी को अभूतपूर्व मजबूती मिली, जबकि कोविड काल में शुरू किया गया ‘सेवा ही संगठन’ अभियान जनसेवा और संवेदनशील राजनीति का प्रतीक बना। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में नड्डा ने आयुष्मान भारत, एम्स विस्तार, मेडिकल शिक्षा में वृद्धि और डिजिटल टीकाकरण जैसे कदमों से देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा दी। हिमाचल प्रदेश में बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी परियोजनाओं के माध्यम से उनके योगदान को याद करते हुए कर्ण नंदा ने कहा कि नड्डा का नेतृत्व भाजपा के इतिहास में एक प्रेरणादायक और स्वर्णिम अध्याय के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।





















