धर्मशाला, 27 जुलाई: एग्रीगेटर टैक्सी सिस्टम (एटीएस) और जीपीएस नियमों के विरोध में आज जिला कांगड़ा की 35 टैक्सी यूनियनों ने धर्मशाला में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे टैक्सी चालकों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की गुहार लगाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चार महीने पहले भी गांधी पार्क के समीप दिनभर चक्का जाम कर विरोध दर्ज कराया गया था। उस समय जिला प्रशासन ने उनकी मांगों को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है जिससे टैक्सी चालकों में रोष बढ़ गया है।
टैक्सी यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि एटीएस व्यवस्था को वापस नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में जिला कांगड़ा के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों और बॉर्डर क्षेत्रों पर चक्का जाम किया जाएगा। इस आंदोलन के दौरान केवल एंबुलेंस को ही आवाजाही की अनुमति मिलेगी, जबकि अन्य सभी वाहनों को रोका जाएगा। टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधि देश राज ने कहा कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है और यदि जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।





















