मंडी: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नीट परीक्षा को लेकर युवाओं के बीच अभियान शुरू करने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंडी में भाजपा की संगठनात्मक बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केवल राजनीतिक लाभ के लिए युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी ने उस राजस्थान से यह अभियान शुरू किया है जहां पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के समय सबसे ज्यादा 22 पेपर लीक हुए, लेकिन तब उन्होंने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।
जयराम ठाकुर ने हिमाचल की सुक्खू सरकार को घेरते हुए कहा कि हाल ही में पुलिस भर्ती के दौरान मास चीटिंग और सीसीटीवी कैमरे बंद कर सामूहिक नकल कराने की शिकायतें आईं, मगर सरकार मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय जब ऐसा मामला सामने आया था, तो तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला सीबीआई (CBI) को सौंप दिया गया था। लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री सुक्खू इस मामले में दोषी अधिकारियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त की। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में कानून का राज पूरी तरह समाप्त हो चुका है। सरेआम मर्डर, चोरी और असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे देवभूमि की छवि खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार जनहित के मुद्दों को छोड़कर केवल अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने में व्यस्त है।



















