पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हार की बौखलाहट में लगातार जनादेश और चुने हुए जनप्रतिनिधियों का अपमान कर रहे हैं। भाजपा को मिले जनमत को मुख्यमंत्री स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और इसी वजह से उन्होंने पहले जिला परिषद व ब्लॉक समिति के सदस्यों को लेकर अपमानजनक बयान दिया। अब परंपराओं को तोड़ते हुए जिला परिषद सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में उनके परिजनों और मीडिया को शामिल होने से रोक दिया गया, जो कि बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। इसके अलावा, स्थानीय निकायों में अध्यक्ष के चुनाव की समयावधि को सिर्फ इसलिए बढ़ाया गया है ताकि कांग्रेस पार्टी को जोड़-तोड़ करने और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का पूरा समय मिल सके। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में ऐसा हस्तक्षेप हिमाचल प्रदेश की उच्च परंपराओं के खिलाफ है।
















