धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राज्य मुक्त विद्यालय (HPSOS) की सितंबर में होने वाली परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाने की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड से संबद्ध इच्छुक निजी स्कूल अपनी स्कूल लॉगिन आईडी के जरिए बोर्ड की वेबसाइट पर केवल ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जून है। इसके बाद 01 जुलाई से 15 जुलाई तक 5,000 रुपये और 16 जुलाई से 30 जुलाई तक 10,000 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। 30 जुलाई के बाद प्राप्त आवेदनों पर केवल सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से विचार होगा और जुर्माना भी लगेगा। परीक्षा केंद्र बनाने से जुड़े नियम और शर्तें बोर्ड की वेबसाइट पर डाउनलोड लिंक में उपलब्ध हैं। बोर्ड अध्यक्ष ने सभी पात्र संस्थानों से परीक्षाओं के सही संचालन के लिए समय पर आवेदन पूरा करने का आग्रह किया है।
















