हमीरपुर: उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे भारत की जनगणना-2027 के तहत स्वगणना पोर्टल पर अपना डाटा स्वयं भरें, ताकि यह प्रक्रिया अधिक सटीक, सरल और तेजी से पूरी हो सके। मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यशाला में उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी और लोगों को ऑनलाइन स्वयं जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी गई है।
जिला हमीरपुर में जनगणना का पहला चरण 16 जून से 15 जुलाई तक चलेगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण और मकान गणना करेंगे, जबकि वास्तविक जनगणना अगले वर्ष होगी। स्वगणना पोर्टल (se.census.gov.in) 1 जून से 15 जून तक खुला रहेगा, जहाँ परिवार के सदस्य कुछ ही मिनटों में मकान और परिवार से संबंधित जानकारी भर सकते हैं। डाटा अपलोड होने के बाद मिलने वाली यूनिक आईडी को सुरक्षित रखना होगा, जिसे घर आने पर प्रगणक को दिखाना आवश्यक है।

















