धर्मशाला:हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने बोर्ड परीक्षाओं की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को और अधिक मजबूत करने के लिए परीक्षा विनियमों में एक बड़ा संशोधन किया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा विनियमों के अध्याय-8 ‘परीक्षा केंद्रों का सृजन’ के अंतर्गत नियम 8.2.2(1) में बदलाव किया गया है। इस कदम का मुख्य उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में आधुनिक तकनीक का उपयोग करके नकल और अन्य अनुचित गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाना है।
संशोधित नियमों के अनुसार, अब राज्य के प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से पहले सभी कमरों, हॉलों और प्रवेश व निकास द्वारों (Entry-Exit Points) पर CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। इस बार नियमों को और कड़ा करते हुए प्रावधान किया गया है कि सभी कैमरों में वीडियो के साथ-साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा भी होनी चाहिए ताकि परीक्षा के दौरान की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।
इसके साथ ही, परीक्षा केंद्रों के लिए नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर (NVR) का उपयोग करना जरूरी कर दिया गया है, जिसमें परीक्षा की रिकॉर्डिंग का कम से कम 06 महीने का बैकअप सुरक्षित रखना होगा। निगरानी व्यवस्था में कोई रुकावट न आए और जरूरत पड़ने पर रिकॉर्डिंग को आसानी से देखा जा सके, इसके लिए CCTV प्रणाली में स्थायी (Static) IP एड्रेस और नेटवर्क कनेक्टिविटी का उपयोग अनिवार्य किया गया है। बोर्ड अध्यक्ष ने सभी शिक्षण संस्थानों और परीक्षा केंद्रों को इन संशोधित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।




















