सोलन: नगर निगम सोलन के सभी 17 वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्ण बहुमत के साथ बड़ी जीत हासिल की है। भाजपा ने कुल 10 सीटों पर कब्जा जमाकर नगर निगम में अपनी स्पष्ट बढ़त बनाई है, जबकि कांग्रेस केवल 6 सीटों पर सिमट कर रह गई है। वहीं, एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मारी है।
चुनाव परिणामों के अनुसार, भाजपा की ओर से वार्ड 1 से नीलम सोपाल, वार्ड 2 से सुषमा शर्मा, वार्ड 4 से रोहित भारद्वाज, वार्ड 5 से डॉ. प्रियंका पांजा, वार्ड 6 से रेखा साहनी, वार्ड 8 से सुरेंद्र कुमार, वार्ड 11 से सरिता ठाकुर, वार्ड 12 से प्रियंका अग्रवाल, वार्ड 15 से अभिषेक ठाकुर और वार्ड 16 से सीमा कुमारी ने जीत दर्ज की। दूसरी तरफ, कांग्रेस के लिए वार्ड 7 से पूजा कुमारी, वार्ड 9 से मीनाक्षी शर्मा, वार्ड 10 से अंकुश सूद, वार्ड 13 से नरेंद्र कुमार, वार्ड 14 से सुलक्षणा कौड़ा और वार्ड 17 से अरूणा ठाकुर विजयी रहीं। वार्ड नंबर 3 से निर्दलीय उम्मीदवार गौरव राजपूत सभी को पछाड़कर विजेता बने।
इस शानदार जीत के बाद सोलन में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल है। 17 सदस्यीय इस नगर निगम परिषद में बहुमत का आंकड़ा पार करने के बाद अब भाजपा की ओर से महापौर (मेयर) और उपमहापौर (डिप्टी मेयर) पद के चयन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हालांकि, 6 सीटों के साथ कांग्रेस भी सदन में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका में नजर आएगी।
















