हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला हमीरपुर के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज चुनाव के दौरान एक बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। यहाँ की ग्राम पंचायत री के वार्ड नंबर-1 कंगरी के सभी 288 मतदाताओं ने व्यवस्था से नाराज होकर चुनाव के दूसरे चरण का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर “सड़क नहीं, सुविधा नहीं, तो अब वोट भी नहीं” का नारा दिया और मतदान प्रक्रिया से पूरी तरह दूरी बना ली, जिसके कारण पोलिंग बूथ पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।
ग्रामीणों के इस कड़े फैसले की मुख्य वजह उनके क्षेत्र की भौगोलिक विषमताएं और बुनियादी सुविधाओं का लंबे समय से अभाव होना है। दरअसल, कंगरी गांव के लोगों की काफी समय से यह मांग है कि उनके वार्ड को वर्तमान ‘री पंचायत’ से हटाकर भौगोलिक रूप से नजदीक पड़ने वाली ‘ख्याह पंचायत’ में शामिल किया जाए। वर्तमान पंचायत घर उनके गांव से बहुत ज्यादा दूर है और वहां तक जाने के लिए लोगों को बेहद कठिन रास्तों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही गांव में सड़क और पानी जैसी जरूरी सुविधाओं की सालों से अनदेखी की जा रही है। चुनाव से पहले ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को इस बारे में लिखित शिकायत भी दी थी, जिस पर उन्हें केवल सर्वे कराने का आश्वासन ही मिला। धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई न होते देख पूरे गांव ने मिलकर लोकतंत्र के इस पर्व पर अपनी नाराजगी जताने के लिए वोट न डालने का फैसला किया।





















