धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की 282 ग्राम पंचायतों में आज दूसरे चरण के तहत मतदान हो रहा है। लोकतंत्र के इस उत्सव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। जिला प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। चुनाव विभाग के अनुसार मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो चुका है, जो शाम 3 बजे तक चलेगा। इस चरण में 4 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदाता आज 282 प्रधान, उपप्रधान और 1616 वार्ड पंचों का चुनाव कर नई पंचायतों का गठन करेंगे। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने करीब 10,000 कर्मचारियों को ड्यूटी पर तैनात किया है। इसके साथ ही संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से बिना किसी डर के निर्भीक होकर वोट करने की अपील की है। इससे पहले मंगलवार देर रात तक उम्मीदवारों ने घर-घर जाकर जनसंपर्क किया, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गर्माया रहा।
इस चुनाव में ग्रामीण विकास और बुनियादी सुविधाएं मुख्य मुद्दा बनी हुई हैं। चैतड़ू पंचायत के लोगों ने क्षेत्र में सुधार और विकास के लिए बढ़-चढ़कर मतदान किया। मतदान के बाद चैतड़ू पंचायत के 83 वर्षीय बुजुर्ग पूर्ण चंद ने कहा कि पंचायत में सब अच्छा होगा, यही सोचकर उन्होंने वोट किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पानी की किल्लत का इस बार समाधान होगा। इसी पंचायत के गंभीर सिंह ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि जनता ऐसा प्रधान और उपप्रधान चाहती है जो क्षेत्र का वास्तविक विकास करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई पंचायत से ग्रामीणों को पानी की समस्या से निजात दिलाने की बड़ी आस है।
















