धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा मार्च 2026 में आयोजित की गई प्लस टू की वार्षिक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। बोर्ड के चेयरमैन डॉ. राजेश ने परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि इस वर्ष कुल परीक्षा परिणाम 92.02 प्रतिशत रहा है, जो पिछले वर्षों के मुकाबले शिक्षा के स्तर में सुधार को दर्शाता है। इस बार के नतीजों में विशेष रूप से सरकारी स्कूलों के बच्चों ने मेरिट सूची में जगह बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
आंकड़ों के अनुसार इस परीक्षा में कुल 81,417 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 74,637 छात्र-छात्राएं सफल रहे हैं। वहीं परीक्षा के दौरान 308 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। वर्गवार परिणामों पर नजर डालें तो सामान्य वर्ग के 40,462 छात्रों में से 37,576 पास हुए हैं। इसी तरह अनुसूचित जाति वर्ग के 22,186 में से 20,095 अभ्यर्थियों और अनुसूचित जनजाति वर्ग के 5,023 में से 4,520 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। अन्य पिछड़ा वर्ग में भी प्रदर्शन सराहनीय रहा है, जहाँ 13,438 में से 12,446 छात्र उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं।
इस वर्ष भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया है। कुल 40,281 छात्राओं में से 37,749 पास हुई हैं, जबकि 40,828 छात्रों में से केवल 36,888 ही सफल हो पाए। रिपोर्ट के मुताबिक कुल 3,352 छात्र परीक्षा में असफल रहे हैं और 3,071 छात्रों को कंपार्टमेंट की श्रेणी में रखा गया है। बोर्ड प्रशासन ने इस बेहतर परिणाम पर खुशी जाहिर करते हुए सभी उत्तीर्ण छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई दी है।





















