हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गगल थाना क्षेत्र में बनोई पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग के दौरान एक HRTC बस से भारी मात्रा में चिट्टा बरामद किया गया। इस मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस ने एक 13 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया है जिससे कुल 130.48 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस नशे की खेप की कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार CIA कांगड़ा की टीम ASI मनजीत सिंह के नेतृत्व में बुधवार रात नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाहपुर की ओर से आ रही बस को रोककर जब तलाशी ली गई तो उसमें एक नाबालिग अकेला बैठा मिला। उसके पास मौजूद पिट्ठू बैग की जांच करने पर पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस ने नाबालिग को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बाल सुधार गृह ऊना भेज दिया है।
एएसपी ने स्पष्ट किया है कि चिट्टा तस्कर चाहे कोई भी पैंतरा अपना लें, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस इस तस्करी के पीछे शामिल नाबालिग के रिश्तेदार की तलाश कर रही है और दावा किया गया है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


















