नई दिल्ली: राजधानी के जंतर-मंतर पर आज ऑल इंडिया गवर्नमेंट ड्राइवर कॉन्फ्रडेशन द्वारा एक विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नागेश्वर राव और राष्ट्रीय महामंत्री विजय राम जी की अध्यक्षता में हुए इस प्रदर्शन में देशभर के विभिन्न राज्यों से पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कॉन्फ्रडेशन ने केंद्र सरकार के सामने अपनी प्रमुख मांगें रखते हुए पूरे भारत में पुरानी पेंशन योजना को तत्काल बहाल करने की पुरजोर वकालत की। साथ ही, सरकारी विभागों में 15 साल पुरानी हो चुकी गाड़ियों को हटाकर उनके स्थान पर नई गाड़ियाँ उपलब्ध कराने और लंबे समय से लंबित नए चालकों की भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।
हिमाचल प्रदेश से इस प्रदर्शन में जिला कांगड़ा से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंजीत हैप्पी, सोलन से ईश्वर ठाकुर, कुल्लू से तुले राम और ऊना से विजय अशरफ जैसे प्रमुख पदाधिकारियों ने शिरकत की। प्रदर्शन के दौरान हिमाचल के सदस्यों ने प्रदेश में पुरानी पेंशन बहाल करने के फैसले के लिए हिमाचल सरकार की जमकर सराहना की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंजीत कुमार हैप्पी ने विशेष रूप से माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि हिमाचल सरकार का यह कदम कर्मचारी हित में ऐतिहासिक है। उन्होंने केंद्र सरकार से भी हिमाचल की तर्ज पर कर्मचारियों की मांगों को जल्द पूरा करने का आग्रह किया।


















