ज्वालामुखी: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में अपनी धर्मपत्नी एवं देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का शहनाई वादन के साथ पारंपरिक स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने गर्भगृह में जाकर पवित्र ज्योतियों के दर्शन किए। पुजारी सभा के प्रधान अविनेंद्र शर्मा ने मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी को विधिपूर्वक पूजा संपन्न करवाई, जिसके उपरांत उन्होंने मोदी भवन, योगिनी कुंड और शयन भवन में भी शीश नवाया और हवन यज्ञ कुंड में पूर्णाहूति डालकर प्रदेश की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मंदिर न्यास की ओर से मुख्यमंत्री को माता की पवित्र चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया, जहां विधायक संजय रत्न, एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा और एसपी मयंक चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में ही पुजारी वर्ग के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर अपनी विभिन्न मांगों के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए गहन अध्ययन के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री ने पूरे मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु परिसर के सौंदर्यीकरण और मुख्य प्रवेश द्वार के सुधार के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए।
















