धर्मशाला: शहीदों की स्मृति को जीवंत रखने के लिए धर्मशाला में इस वर्ष ‘ऑल इंडिया शहीद मेजर दुर्गा मल्ल और कैप्टन केएन दल बहादुर थापा मेमोरियल गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट’ का भव्य आयोजन 27 अप्रैल से 3 मई तक किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता भारतीय राष्ट्रीय सेना (INA) के महान गोरखा स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित है, जिनमें मेजर दुर्गा मल्ल ने 1944 में दिल्ली जेल में शहादत पाई थी और कांगड़ा के वीर सपूत कैप्टन केएन दल बहादुर थापा ने 1945 में देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।
फुटबॉल एसोसिएशन के प्रधान पालम चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साल एसोसिएशन ने एक नई पहल करते हुए मुख्य टूर्नामेंट से पहले अंडर-19 इंटर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया है, जिसमें 11 स्कूलों की टीमें शिरकत करेंगी। इस कदम का मुख्य उद्देश्य उभरते हुए युवा खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच प्रदान करना है ताकि वे सीनियर खिलाड़ियों के खेल को देखकर भविष्य के लिए तैयार हो सकें। मुख्य गोल्ड कप टूर्नामेंट में इस बार भारतीय सेना की 4 टीमों के साथ-साथ सीआईएसएफ, राजस्थान पुलिस, आरबीआई मुंबई, कस्टम्स नई दिल्ली और जेसीटी फगवाड़ा जैसी देशभर की कुल 14 दिग्गज टीमें खिताब के लिए पसीना बहाएंगी।
प्रतियोगिता की विजेता टीम को 2 लाख रुपये की इनामी राशि प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए पूर्व मेयर दविंदर जग्गी इसका उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन समारोह में कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और विधायक सुधीर शर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। यह पूरा आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का जरिया बनेगा बल्कि खेल प्रेमियों को भी एक सप्ताह तक रोमांचक और उच्च स्तरीय फुटबॉल मुकाबलों का गवाह बनने का अवसर देगा।

















