हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की पुंग खड्ड में हुए बहुचर्चित अवैध खनन मामले में पुलिस की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। इस मामले में मुख्य आरोपी और हमीरपुर सदर से भाजपा विधायक आशीष शर्मा के भाई उमेश शर्मा व चाचा प्रवीण शर्मा को अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। महालक्ष्मी स्टोन क्रशर से जुड़े इस मामले में आरोपियों ने सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद हमीरपुर की सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद सुजानपुर पुलिस अब उनसे गहन पूछताछ करेगी।
सुप्रीम कोर्ट ने आरोपियों को राहत न देते हुए चार सप्ताह के भीतर सरेंडर करने के आदेश दिए थे, जिसका पालन करते हुए आरोपियों ने खुद को कानून के हवाले किया। एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर के अनुसार, आरोपियों को वीरवार को कोर्ट में पेश किया गया था और अब शनिवार को उन्हें दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले के सियासी कनेक्शन और लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई के कारण पूरे प्रदेश की नजरें इस जांच पर टिकी हैं कि पुलिस रिमांड के दौरान क्या नए खुलासे होते हैं।










