चंडीगढ़, 9 अप्रैल 2026
पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ के रक्षा एवं राष्ट्रीय सुरक्षा अध्ययन विभाग (डिफेंस एवं नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज) का दो दिवसीय वार्षिक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक उत्सव ‘कवच 3.0: रणनीति का रंगमंच’ वीरवार से पी.यू. परिसर में शुरू हुआ।
इस समारोह में पंजाब विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर प्रो. रेनू विग मुख्य संरक्षक के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि विशेष अतिथि के तौर पर मेजर जनरल भारत मेहतानी, एडीजी एनसीसी, निदेशालय पीएचएचपी एवं सी ने शिरकत की। कार्यक्रमों का आयोजन स्टूडेंट सेंटर और उससे सटे विश्वविद्यालय मैदान में किया गया। विभाग के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक प्रो. जसकरण सिंह वडैच ने विशिष्ट अतिथियों, विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों और छात्रों का स्वागत किया। इस ‘कवच’ कार्यक्रम के तहत पश्चिमी कमान, चंडीगढ़ द्वारा सैन्य उपकरणों और हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जहां पैदल सेना बटालियन के हथियार प्रदर्शित किए गए।
एनसीसी की 1 चंडीगढ़ गर्ल्स बटालियन और 2 चंडीगढ़ बटालियन (बॉयज) ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की विस्तृत झांकी प्रस्तुत की, साथ ही उसमें उपयोग किए गए हथियारों की प्रदर्शनी भी लगाई। एनसीसी की 1 चंडीगढ़ वायु सेना स्क्वाड्रन और 1 चंडीगढ़ नौसेना इकाई द्वारा विभिन्न प्रकार के विमानों और जहाजों के मॉडल भी प्रदर्शित किए गए है। इस वर्ष आयोजन की एक प्रमुख विशेषता यूबीएस ग्राउंड में पहले दिन आयोजित भव्य आर्मी डॉग शो रहा, जिसने बड़ी संख्या में दर्शकों को आकर्षित किया। पूरे दिन सैन्य उपकरणों और हथियारों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी रही, जिसमें त्रिनेत्रा और वज्र जैसे ड्रोन विशेष रूप से लोगों का ध्यान खींचते रहे।
यह उत्सव शुक्रवार को भी जारी रहेगा। दूसरे दिन सुबह 10:30 बजे से एनसीसी की विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जबकि सुबह 11:30 बजे आर्मी हॉर्स शो का आयोजन होगा। हथियारों की प्रदर्शनी दूसरे दिन भी आम जनता के लिए खुली रहेगी।
उक्त कार्यक्रमों को विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों, सेना, वायु सेना और नौसेना विंग के एनसीसी कैडेटों तथा आम जनता सहित विविध दर्शकों ने सराहा। सभी दर्शक भारतीय सेना के पराक्रम और अनुशासन को देखने के लिए एकत्रित हुए।













