लोकेशन : धर्मशाला.शशि भूषण: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा सोमवार को धर्मशाला में परिवहन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जिले के निजी ट्रांसपोर्टरों ने ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल का बिगुल फूंक दिया है। इस हड़ताल का व्यापक असर जनजीवन पर देखा जा रहा है, विशेष रूप से स्कूली बच्चों और रोजाना दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत वाहनों की फिटनेस और पासिंग के लिए स्थापित किए गए ‘ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों’ (ATS) का ट्रांसपोर्टर कड़ा विरोध कर रहे हैं। ट्रांसपोर्ट यूनियन के प्रतिनिधियों का कहना है कि यह विरोध किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि उस ‘सिस्टम’ के खिलाफ है जिसमें कई व्यावहारिक खामियां हैं। उनके मुताबिक, ऑटोमेटेड प्रणाली में वाहन पासिंग के दौरान कई ऐसी तकनीकी समस्याएं आ रही हैं, जिससे ट्रांसपोर्टरों का काम करना मुश्किल हो गया है।
















