धर्मशाला: नगर निगम धर्मशाला ने शहर में प्रॉपर्टी टैक्स के डोर-टू-डोर सर्वे को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए ‘मॉपअप राउंड’ की घोषणा कर दी है। यह विशेष अभियान 6 अप्रैल से शुरू होकर 15 मई तक चलेगा। नगर निगम आयुक्त की अध्यक्षता में चलने वाले इस अभियान के लिए दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। टीम-1 वार्ड नंबर 1 से 9 तक और टीम-2 वार्ड नंबर 10 से 17 तक एक साथ सर्वे का कार्य संपन्न करेगी।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह सर्वे का अंतिम अवसर है। इस अवधि के भीतर जानकारी साझा न करने या टैक्स जमा न करने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा। नगर निगम ने सभी निवासियों और हितधारकों से अपील की है कि वे सर्वे टीमों को सही जानकारी देकर शहर के विकास और मजबूत राजस्व प्रणाली में अपना सहयोग प्रदान करें।




















