कुल्लू (प्रिया शर्मा): मणिकर्ण घाटी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की यात्रा पर आए देश-विदेश के सैलानियों को इन दिनों भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मणिकर्ण–बरशेणी मुख्य मार्ग पर घटिगढ़ के पास हुए भारी भूस्खलन और सड़क पर जमा हुए गहरे दलदल के कारण यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। लगातार हो रहे भूस्खलन से सड़क पर भारी मलबा और कीचड़ जमा है, जिससे वाहनों की आवाजाही नामुमकिन हो गई है। हालात इतने खराब हैं कि तोश, पुलगा और खीरगंगा जैसे लोकप्रिय स्थानों की ओर जा रहे पर्यटकों को अपना सामान कंधों पर उठाकर पैदल ही रास्ता पार करना पड़ रहा है। इस मार्ग के अवरुद्ध होने से न केवल सैलानियों को परेशानी हो रही है, बल्कि घाटी की पर्यटन गतिविधियों पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। प्रशासन के लिए इस कीचड़ भरे रास्ते को फिर से बहाल करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।





















