हमीरपुर। जिला के ऐतिहासिक गांधी चौक पर तीन दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप का भव्य आगाज़ हुआ। इस प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह और खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए एसपी बलवीर सिंह ठाकुर ने कहा कि खेलों का मानव जीवन में विशेष महत्व है। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए इस तरह के खेल आयोजन समय की मुख्य मांग हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी युवाओं को अनुशासित और मजबूत बनाते हैं।
तीन दिनों तक चलने वाली इस बॉक्सिंग चैंपियनशिप में प्रदेश भर से आए विभिन्न जिलों के युवा और महिला मुक्केबाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं दीं और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस मौके पर खेल जगत से जुड़ी कई गणमान्य हस्तियां और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

















