धर्मशाला, मार्च 2026: केन्द्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री श्री राज भूषण चौधरी ने राज्यसभा सांसद सुश्री इंदु बाला गोस्वामी को सदन में बताया कि गंगा नदी के संरक्षण और स्वच्छता के लिए स्थानीय समुदाय और युवाओं को जोड़ने हेतु “नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा” के अंतर्गत “गंगा प्रहरी” कैडर गठित किया गया है। इसका उद्देश्य आम जनता को गंगा नदी के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
मंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में इस मिशन के तहत विभिन्न जागरूकता अभियान चलाए गए, जिन पर कुल 17.68 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इन अभियानों में “गंगा उत्सव”, “स्वच्छता पखवाड़ा”, “घाट पर योग”, “विश्व पर्यावरण दिवस” और अन्य स्वच्छता कार्यक्रम शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि मिशन के तहत सीमा सुरक्षा बल के साथ समन्वय कर देवप्रयाग से गंगा सागर तक ऑल वीमेन रिवर राफ्टिंग अभियान का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त गंगा नदी के जीर्णोद्धार में बच्चों और छात्रों को जोड़ने के लिए विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, प्रशिक्षण संस्थानों और सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट के साथ भागीदारी शुरू की गई है।
गंगा नदी के संरक्षण और स्थानीय मुद्दों के प्रभावी निपटान के लिए देश के 139 जिलों में जिला गंगा समितियों का गठन किया गया है, जिनके माध्यम से नदी के बहाव वाले क्षेत्रों में योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।





















