सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट से जुड़े विकासात्मक कार्यों, सुरक्षा प्रबंधों और समन्वय तंत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त तोरुल एस. रवीश की अध्यक्षता में एक विस्तृत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई, जिसमें विशेष रूप से क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल के पुनर्निर्माण, तकनीकी स्वीकृतियों, भूमि संबंधी औपचारिकताओं और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए कार्यों को शीघ्र गति देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने एयरपोर्ट क्षेत्र में सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, निगरानी तंत्र तथा समन्वित कार्रवाई पर भी चर्चा की। बैठक में एयरपोर्ट एनवायरमेंट कमेटी की बैठक शीघ्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके। इसके अतिरिक्त एयरपोर्ट के आसपास संचालित पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रोमांचक पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है। इस संबंध में संबंधित विभागों को नियमन, पंजीकरण और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें: https://sidhivinayaktimes.com/ajesh-sharma-seeks-expert-advicexam-quality/
आपदा की संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। संसाधनों के साझा उपयोग, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने तथा संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के प्रस्ताव पर सकारात्मक चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पूर्व तैयारी अत्यंत आवश्यक है।उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पर्यटकों और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें और विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न होने दें। बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी, एसडीएम कुल्लू, सहायक आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।


















