सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला में सोमवार को अखिल भारतीय इंटर जोनल महिला कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ भव्य रूप से हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने किया, जबकि अर्जुन अवार्ड से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय प्रशासन, खेल संघ के प्रतिनिधि, विभिन्न राज्यों से आई महिला कबड्डी टीमें और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में जयराम ठाकुर ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास का मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने का मंच प्रदान करती हैं।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/ul-raveesconstruct-safety-wall-and-additional-lane/
जयराम ठाकुर ने केंद्रीय विश्वविद्यालय के विकास कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि देहरा परिसर में निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है और धर्मशाला परिसर के विकास के लिए भी शीघ्र धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। वहीं अर्जुन अवार्डी दीपक हुड्डा ने खिलाड़ियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ खेलने की प्रेरणा दी। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के 15 विश्वविद्यालयों की 210 महिला खिलाड़ी भाग ले रही हैं, जो 9 से 12 फरवरी 2026 तक अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।



















