सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। आज शिमला में आयोजित विधायक प्राथमिकता बैठक में बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने भाग लिया और मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं व विकासात्मक योजनाओं को विस्तार से रखा। बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-305 (NH-305) की दयनीय स्थिति पर गंभीर चिंता जताई और संबंधित लंबित परियोजनाओं के निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की। विधायक शौरी ने कहा कि बारिश के बाद से बंद पड़े बंजार बाईपास सहित अन्य संपर्क सड़कों को युद्ध स्तर पर बहाल किया जाए और प्रभावित मार्गों पर बस सेवाओं को शीघ्र पुनः शुरू किया जाए। उन्होंने लारजी बाईपास की ओर भी ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि पूर्व सरकार द्वारा लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से पुरानी सड़क का पुनरुद्धार किया गया था तथा जल क्रीड़ा और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कैफेटेरिया समेत आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण किया गया था, लेकिन वर्तमान में विभागीय लापरवाही के कारण यह संपूर्ण योजना खंडहर बनते जा रही है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/state-govtcrore-benefit-from-wild-flowercm-sukhu/
विधायक ने इस परियोजना की उचित देखरेख और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी विधायक प्राथमिकता की योजनाओं को जानबूझकर अनदेखा किया जा रहा है, जो क्षेत्र के विकास के हित में उचित नहीं है। उन्होंने बढ़ते पर्यटन दबाव को ध्यान में रखते हुए बंजार घाटी में विद्युत वोल्टेज बढ़ाने, नए सब-स्टेशन के निर्माण और विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की भी मांग दोहराई। बैठक के दौरान विभिन्न विभागाध्यक्षों के साथ इन परियोजनाओं पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी प्राप्त हुआ।





















