सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा की पहल पर बोर्ड परिसर में एक मुक्त चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बोर्ड के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। इस शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों के स्वास्थ्य लाभ को सुनिश्चित करना था, जिसे शिक्षा बोर्ड कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने सफलतापूर्वक संपन्न बताया। शिविर में कांगड़ा के बालाजी अस्पताल की अनुभवी डॉक्टर्स की विशेष टीम ने भाग लिया और कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी इस शिविर से लाभान्वित हुए और अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/immediate-relief-to-houses-damagnstructions-issued/
कर्मचारी संघ अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि यह आयोजन बोर्ड अध्यक्ष की संवेदनशील सोच और कर्मचारी हित को प्राथमिकता देने वाले दृष्टिकोण का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य कार्यक्रम न केवल कर्मचारियों की भलाई के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल और विश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सदैव कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों के प्रति सहयोगात्मक रहे हैं। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित एवं कर्मचारी हित के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होते रहेंगे।





















