सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। सोलन के ऐतिहासिक माल रोड पर आज भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला सोलन द्वारा चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के प्रति जनजागरण फैलाने हेतु एक विशाल मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने मतदाता पहचान और मतदान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वोट प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और लोकतंत्र की मजबूती इसी से तय होती है। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि केवल भारतीय नागरिकों को ही वोट बनना चाहिए और घुसपैठियों को मतदाता सूची में शामिल करना देश के साथ धोखा है। उन्होंने कांग्रेस पर एसआईआर का विरोध करने का आरोप लगाते हुए इसे तुष्टीकरण की राजनीति बताया। डॉ. बिंदल ने 2026 की गणतंत्र दिवस परेड और भारत-ईयू फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक एवं आर्थिक पहल की सराहना की।
यह भी पढ़ें:http://Granting voting rights to infiltrators is a betrayal of the nation: Dr. Rajiv Bindal
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को मोदी सरकार से निरंतर विकास सहायता मिल रही है, जिसमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 2500 करोड़ रुपये की राशि से दूरदराज क्षेत्रों में सड़क निर्माण किया जा रहा है। साथ ही शिमला जिले के ऊपरी क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए छैला-ओच्छघाट सड़क के सुधार हेतु 200 करोड़ रुपये की मंजूरी को बड़ी सौगात बताया। प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि वह विकास की बजाय केवल श्रेय लेने की होड़ में है, जबकि इस राशि के मिलने में भाजपा की भूमिका प्रमुख है। उन्होंने कहा कि सड़क के सुधार से सेब उत्पादकों को आर्थिक लाभ मिलेगा और आवागमन सुगम होगा। साथ ही उन्होंने पंचायतीराज चुनावों में देरी पर चिंता जताते हुए कहा कि चुनाव तक वर्तमान चुने हुए जनप्रतिनिधियों को ही अधिकृत रखा जाना चाहिए, जिससे प्रशासनिक स्थिरता बनी रहे।





















