सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। हमीरपुर दौरे से लौटते समय लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बिलासपुर जिला के नमहोल में रुककर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं राम लाल ठाकुर और विकास ठाकुर की अगुवाई में एक सार्वजनिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। नमहोल पहुंचने पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया और उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है ताकि ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/educational-institutions-to-remain-half-da-full-day-closed-daivisions/
मंत्री ने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रही है और आने वाले समय में विकास कार्यों की गति और तेज की जाएगी। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव मंत्री के समक्ष रखे, जिन्हें उन्होंने गंभीरता से सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया। मंत्री के नमहोल आगमन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और माहौल पूरी तरह से उत्साहपूर्ण और सकारात्मक बना रहा।





















