सिद्धविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज मनाली विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान कुल्लू जिले में विकास की एक बड़ी श्रृंखला का शुभारंभ किया। उन्होंने कुल मिलाकर 63.56 करोड़ रुपये की लागत वाली 8 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, बिजली, पुल, भूस्खलन नियंत्रण और स्थानीय सुविधाओं का समावेश है, जिससे क्षेत्र की आधारभूत संरचना और जनजीवन में सुधार होगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 10.69 करोड़ रुपये की लागत से नथाण-जाणा सड़क के उन्नयन कार्य और 5.04 करोड़ रुपये की लागत से मनाली-कनयाल सड़क के स्तरोन्नत कार्य का उद्घाटन किया। इसके साथ ही नाबार्ड के तहत 13.19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बबेली-जिंदौड़ सड़क के मैटलिंग एवं टायरिंग कार्य का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बन जाने से स्थानीय लोगों को आवाजाही में सुविधा के साथ-साथ पर्यटन और व्यापार को भी मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें https://sidhivinayaktimes.com/overnmen-doorstep-program-held-in-nihri-under-pwd-minister/
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 13.52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33/11 केवी GIS विद्युत सब-स्टेशन आईबैक्स चौक मनाली का भी उद्घाटन किया, जिससे बिजली आपूर्ति में स्थिरता और क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही रांगडी में 15 करोड़ रुपये की लागत से ब्यास नदी पर पुल के निर्माण का शिलान्यास किया गया, जो क्षेत्र की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा। उन्होंने रांगड़ी तथा बटाहर क्षेत्र के लिए ब्यास नदी के बाएं तट पर 2.90 करोड़ रुपये की लागत से भूस्खलन नियंत्रण निवारण उपाय कार्य, कलाथ में 1 करोड़ रुपये की लागत से हॉट वाटर स्नान सुविधा और बाशिंग कुल्लू में 2.22 करोड़ रुपये की लागत से जिला पंचायत संसाधन केंद्र के शिलान्यास भी किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल स्थानीय नागरिकों की जीवनशैली में सुधार होगा, बल्कि पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को काम की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कुल्लू से प्रिया शर्मा की रिपोर्ट।





















