सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश की वित्तीय चुनौतियों से अवगत कराया और राज्य को केंद्र सरकार से विशेष आर्थिक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य की वर्तमान वित्तीय स्थिति, घटते राजस्व घाटा अनुदान तथा बढ़ते व्यय दबावों का उल्लेख करते हुए 16वें वित्त आयोग को सौंपे गए ज्ञापन की प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पर्वतीय राज्यों की भौगोलिक और पारिस्थितिक सीमाओं को ध्यान में रखते हुए अलग ‘ग्रीन फंड’ की स्थापना, हिमालयी क्षेत्रों के लिए पृथक आपदा जोखिम सूचकांक तथा राजस्व घाटा अनुदान को यथार्थवादी स्तर पर तय करने की आवश्यकता पर बल दिया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/ft-butter-pindi-becomes-faith-hub-for-devotees/
मुख्यमंत्री ने कहा कि बार-बार आने वाली प्राकृतिक आपदाओं के बावजूद राज्य को अपेक्षित संसाधन नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे विकास और राहत कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने वित्तीय संतुलन बनाए रखने के लिए जीएसडीपी के अतिरिक्त दो प्रतिशत तक उधारी की अनुमति देने की भी मांग की। बैठक में मुख्यमंत्री के साथ वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और राज्य हित से जुड़े विभिन्न वित्तीय मुद्दों पर केंद्र सरकार से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई गई।





















