सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला । सेना प्रशिक्षण कमान मुख्यालय (ARTRAC) ने शिमला में 10वां सेवानिवृत्त सैनिक दिवस संवाद कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ARTRAC के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल सुकृति सिंह दहिया, SM, VSM ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह दिवस पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण, पेंशन और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। चीफ ऑफ स्टाफ ने पूर्व सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि भारतीय सेना उनकी भलाई और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट नमन, डिजिटल पेंशन प्रणाली और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए कल्याणकारी सेवाओं को सुगम बनाने की पहल को भी प्रस्तुत किया गया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/himachal-gets-new-tourism-vib-water-resources-eco-tourism-making/
इस अवसर पर आतिथ्य सत्कार, वीर नारियों के कल्याण, युवा मामलों, नशा-विरोधी अभियान और उद्यमिता में योगदान देने वाले पांच पूर्व सैनिकों को विशेष सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम ने न केवल पूर्व सैनिकों की सेवाओं को मान्यता दी, बल्कि उनके कल्याण और अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए सरकारी प्रयासों को भी उजागर किया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सेना अपने सेवानिवृत्त जवानों और उनके परिवारों के लिए लगातार सक्रिय और प्रतिबद्ध है।





















