सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला में स्वास्थ्य विभाग, नेशनल हेल्थ मिशन तथा चिकित्सा शिक्षा निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए ऑनलाइन सुविधाओं के व्यापक समावेश पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि नवीनतम सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग कर मरीजों को डिजिटल माध्यम से बेहतर सेवाएं प्रदान की जाएं। इस उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाएगा, जो दस दिनों के भीतर अपनी सिफारिशें प्रस्तुत करेगी।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/launches-new-website-of-state-allied-healthcare-council-himachal-pradesh/
मुख्यमंत्री ने अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में मरीज पंजीकरण की ऑनलाइन व्यवस्था विकसित करने, हिमकेयर योजना की पंचायत स्तर तक मैपिंग सुनिश्चित करने तथा उपचार से संबंधित डेटा को डिजिटल रूप से दर्ज करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आभा कार्ड को हिम परिवार पोर्टल से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण से न केवल समय और संसाधनों की बचत होगी, बल्कि निगरानी, योजना निर्माण और शिकायत निवारण प्रणाली भी अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जाइका के सहयोग से राज्य में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे आधुनिक उपकरणों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सकेगा।





















