सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कुल्लू जिले के भुंतर क्षेत्र में व्यास नदी में राफ्टिंग के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है, जहां अंधेरा होने के बावजूद करवाई जा रही राफ्टिंग के दौरान एक राफ्ट नदी के बीच फंस गई। राफ्ट में कई पर्यटक सवार थे और अचानक राफ्ट के अटक जाने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नदी में पानी का स्तर कम होने के कारण राफ्ट धारा के बीच फंस गई, जिससे पर्यटकों की जान पर खतरा मंडराने लगा।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/kangra-valley-carnival-givestourismkeval-singh-pathania/
हालांकि राफ्ट पायलट की सूझबूझ और तत्परता से स्थिति को संभाल लिया गया और सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में राफ्टिंग संचालन के दौरान निर्धारित नियमों की अनदेखी सामने आई है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित राफ्टिंग ऑपरेटर के खिलाफ वाटर स्पोर्ट्स नियमों के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। इस घटना ने पर्यटन सीजन के बीच राफ्टिंग गतिविधियों की निगरानी और पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और पर्यटन विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले राफ्टिंग संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





















