सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। देहरा, कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने देहरा स्थित दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल सुनेहत के वार्षिक उत्सव में शामिल होकर बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अपने संबोधन में जयराम ठाकुर ने कहा कि बच्चों में देश और प्रदेश का भविष्य निहित है और प्रतिभा किसी शहर या संसाधन की मोहताज नहीं होती। उन्होंने बच्चों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, मेहनत और अनुशासन के महत्व को समझने की प्रेरणा दी और कहा कि कठिनाइयों से संघर्ष कर ही सफलता प्राप्त होती है। इसके अलावा उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं। पुरस्कार वितरण समारोह में उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/himachal-soar-education-minihakur-honour-students/
कार्यक्रम के बाद जयराम ठाकुर ने देहरा में अटल स्मृति वर्ष के अंतर्गत आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लेकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदानों को याद किया। उन्होंने अटल जी के राष्ट्र के प्रति समर्पण, लोकतांत्रिक मूल्यों में आस्था और हिमाचल प्रदेश के लिए उनके प्रयासों को याद करते हुए उनकी उपलब्धियों को सराहा। इसके उपरांत नेता प्रतिपक्ष ने देहरा विधानसभा क्षेत्र की संयुक्त मोर्चा बैठक में शामिल होकर संगठन की मजबूती, आगामी योजनाओं और जनसेवा से जुड़े विषयों पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन और पार्टी को सशक्त बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। इस अवसर पर देहरा एवं जसवां प्रागपुर के कई पूर्व और वर्तमान नेता, पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।





















