सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। धर्मशाला/शाहपुर, 29 दिसम्बर 2025 — भारतीय जनता पार्टी ने भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में जिला कांगड़ा के शाहपुर स्थित अभिनंदन पैलेस में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। सम्मेलन में मुख्य वक्ता हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री विपिन सिंह परमार रहे, जबकि पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी, जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अपने संबोधन में विपिन सिंह परमार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण की सोच और मूल्यों के प्रतीक थे, जिनकी दूरदर्शिता और सुशासन की नीति ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, सर्व शिक्षा अभियान, टेलीकॉम क्रांति और लाहौर बस यात्रा जैसे ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने देश की सुरक्षा, विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत किया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/scrappingmnrega-anti-peoplewill-badl-himachal-cm/
परमार ने कहा कि अटल जी संवाद, शालीनता और विपक्ष के प्रति सम्मान की राजनीति के उदाहरण थे और आज के समय में उनके विचार और जीवन दर्शन भाजपा कार्यकर्ताओं सहित पूरे समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। सम्मेलन में रवि दत्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष सीमा चौधरी, जिला महामंत्री देवेंद्र कोहली, मोनी बाला, कमल शर्मा, तिलक पटाखू, प्रणव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे और सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की।





















