हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी किसी भी संगठन की सबसे बड़ी शक्ति होती है। ‘वन बूथ टेन यूथ’ अभियान के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। वे संगठनात्मक जिला सुंदरनगर में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा हिमाचल प्रदेश की प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
नवगठित कार्यकारिणी से संवाद, चुनावी तैयारियों की समीक्षा
बैठक के दौरान जयराम ठाकुर ने नवगठित कार्यकारिणी का औपचारिक परिचय लिया और संगठनात्मक गतिविधियों के साथ आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यरत कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे मजबूत कड़ी होता है और चुनावों में प्रचंड जनादेश की नींव “अपना बूथ सबसे मजबूत” के संकल्प से ही रखी जाती है।
सुक्खू सरकार की नाकामियां जनता तक पहुंचाने का आह्वान
जयराम ठाकुर ने युवा कार्यकर्ताओं से वर्तमान सुक्खू सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।
संगठन विस्तार में युवा मोर्चा की अहम भूमिका
उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा संगठन विस्तार, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। युवा कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विचारधारा के सशक्त वाहक बनकर गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती दे रहे हैं।
नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं
जयराम ठाकुर ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में युवा मोर्चा नई ऊर्जा, प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ संगठन के कार्यों को और गति देगा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर नाचन विधायक विनोद कुमार, भाजपा महामंत्री पायल वैद्य, संजीव कटवाल, भारतीय जनता युवा मोर्चा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला, प्रदेश महामंत्री सुशील कटसोली, शाश्वत कपूर, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, अजय ठाकुर सहित युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





















